राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शहर के कुठला थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रानगर इलाके में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे और अफरा-तफरी में बदल गया, जब बारात में शामिल लोगों और पुलिस के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, अमदरा से आई बारात में कुछ लोगों के नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और बारातियों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिससे शादी समारोह में भगदड़ मच गई। महिलाएं और बच्चे दहशत में आ गए और खुशियों का माहौल तनाव में बदल गया।
लड़की पक्ष ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि दूल्हा, दुल्हन और लड़की के भाई को जबरन थाने ले जाया गया, जिसके कारण विवाह की रस्में अधूरी रह गईं। परिजनों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई ने एक खुशहाल माहौल को बिगाड़ दिया।
घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं, जिन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ितों ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मेडिकल परीक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहरभर में चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होती है या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।