वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट। इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
ब्रेकिंग न्यूज़।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काशी दौरे के दूसरे दिन बुधवार सुबह काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर आध्यात्मिक शुरुआत की। विधि-विधान से अभिषेक करने के साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अवलोकन भी किया।
सुबह बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि प्रवास के बाद प्रधानमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर काशी का हालचाल जाना। इसके बाद वे बाबा दरबार के लिए रवाना हुए, जहां उनका स्वागत पारंपरिक रूप से त्रिशूल और डमरू भेंट कर किया गया।
दर्शन-पूजन के पश्चात प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए रवाना हुए। उनका निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 10:45 बजे रहा।
पीएम के एयरपोर्ट से रवाना होने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चलते उड़ानों का संचालन भी प्रभावित रहा। वाराणसी से मुंबई जाने वाली इंडिगो फ्लाइट प्रधानमंत्री के प्रस्थान के बाद ही उड़ान भर सकी, जबकि दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट लगभग एक घंटे देरी से रवाना हुई। वहीं चेन्नई से आने वाली इंडिगो फ्लाइट भी करीब एक घंटे विलंब से लैंड कर सकी।
इस दौरान बाबतपुर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली।