राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी — नगर पालिक निगम कटनी में महापौर प्रीति संजीव सूरी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित मेयर-इन-काउंसिल (MIC) की बैठक में शहर के विकास एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में नगर प्रशासन से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
नगर निगम के मेयर-इन-काउंसिल सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में निगमायुक्त तपस्या परिहार सहित एमआईसी सदस्यगण एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विकास कार्यों को गति देने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना
(शहरी) के अंतर्गत ए.एच.पी. घटक के द्वितीय चरण में प्रेमनगर एवं खिरहनी क्षेत्र के हितग्राहियों के पुनरीक्षित प्राक्कलन को लेकर चर्चा हुई। महापौर श्रीमती सूरी द्वारा स्वीकृति की अधिकारिता के संबंध में जानकारी ली गई, जिस पर विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि यह अधिकार मेयर-इन-काउंसिल को प्राप्त है। इसके बाद प्रस्ताव पर विचार-विमर्श कर उसे स्वीकृति दे दी गई।
इसके साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नाला सफाई कार्य को प्राथमिकता देते हुए 50 आउटसोर्स श्रमिकों तथा 2 ट्रॉली ड्राइवरों की सेवाएं 6 मई से 30 जून 2026 तक के लिए स्वीकृत की गईं।
बैठक में नगर निगम के राजस्व एवं कर्मशाला विभाग में कार्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु आउटसोर्स कर्मचारियों की सेवाओं की अवधि बढ़ाने संबंधी प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
अंत में, नगर विकास से जुड़े अन्य विषयों पर चर्चा करते हुए जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।