राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के पीर बाबा बायपास स्थित नेशनल हाईवे पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटनी शहर की ओर आने वाले प्रवेश मार्ग और डायवर्सन प्वाइंट की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा इंतजामों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जो सांकेतिक चिन्ह और डायवर्जन संकेतक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, उन्हें तत्काल दोबारा लगाया जाए ताकि बाहरी वाहन चालकों को किसी प्रकार की दुविधा या भ्रम का सामना न करना पड़े। साथ ही हाईवे पर सुरक्षा संबंधी डिस्प्ले बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए।
पीर बाबा बायपास क्षेत्र में किए गए अतिक्रमण को भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। वहीं झिंझरी चौकी और यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडे को क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग करने तथा यातायात व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान टूटे हुए डायवर्जन पोल, बंद पड़ी लाइटें और अन्य अव्यवस्थाओं को जल्द सुधारने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लगातार वाहन चेकिंग और चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि पीर बाबा बायपास पर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पूर्व में भी कई बार निरीक्षण और सुधार के प्रयास किए जा चुके हैं, लेकिन व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका। लगातार हादसों के बाद एक बार फिर प्रशासन और हाईवे अथॉरिटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।