राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साड़ियों की पैकिंग के अंदर छिपाकर ले जाए जा रहे 15 किलो 730 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 59 हजार 300 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया तथा उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को एनकेजे थाना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान डीजल शेड के पीछे पनहा तालाब के पास हिरवारा कच्ची रोड पर दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। दोनों युवकों के पास बैग थे और पुलिस वाहन को देखकर वे घबराकर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रणजीत सिंह पिता गुठलू सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी भजिया थाना नोहटा जिला दमोह तथा दीपक लोधी पिता उत्तम लोधी उम्र 23 वर्ष निवासी बिलाई बेली थाना हिन्होरिया जिला दमोह बताए।
पुलिस ने जब दोनों बैगों की तलाशी ली तो उनमें साड़ियों की पैकिंग में छिपाकर रखे गए गांजे के कुल 15 पैकेट मिले। जिनका कुल वजन 15 किलो 730 ग्राम निकला। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा बिलासपुर से लेकर आए थे। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जिला जेल कटनी भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक रूपेन्द्र राजपूत, उनि नरेश झारिया, सउनि केवल उईके, प्रधान आरक्षक आरिफ हुसैन, आरक्षक विजय राणा, सुजीत रजक, ओम शिव तिवारी, साइबर सेल से अमित श्रीपाल, अजय शंकर साकेत तथा आरपीएफ कटनी से एएसआई महेश प्रसाद मिश्रा और आरक्षक ओम नारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।