सहारनपुर
सहारनपुर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सहारनपुर अरविंद कुमार चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक की।
बैठक में पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी क्षेत्रों में प्रभावी पेट्रोलिंग, सघन चेकिंग एवं ड्यूटी प्लान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए।
डीएम अरविंद कुमार चौहान ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
वहीं एसएसपी अभिनंदन सिंह ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से भी अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़