आंवला
आंवला (बरेली): भारतीय किसान यूनियन (भानु) के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विभिन्न जनसमस्याओं के निस्तारण की मांग को लेकर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) विदुषी सिंह से मुलाकात कर उन्हें नौ सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
अपात्रों को आवास देने का लगाया आरोप
भाकियू भानु ने ज्ञापन के माध्यम से ग्राम निसोई में प्रधानमंत्री आवास योजना में धांधली का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अपात्र व्यक्तियों को आवास आवंटित किए जा रहे हैं, जबकि पात्र व्यक्ति सूची में नाम होने के बावजूद दर-दर भटक रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है।
इन प्रमुख मांगों पर रहा जोर
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के समक्ष कई गंभीर मुद्दे रखे:
दस्तावेजों पर लंबित कार्रवाई: किसानों ने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए 5 महीने पहले सचिव को कागज दिए गए थे, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बिजली बिल में गड़बड़ी: गलत बिजली बिल भेजने वाले और मीटर रीडिंग में हेराफेरी करने वाले मीटर रीडरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
अतिक्रमण: खेलकूद की जगह खाली कराने और श्मशान भूमि के रास्ते में अवैध रूप से खड़ंजा डालकर रास्ता बंद करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
पाइपलाइन: पाइपलाइन काटने वाले अराजक तत्वों पर भी नकेल कसने की अपील की गई।
जल्द समाधान न होने पर दी आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन सौंपने के दौरान यूनियन ने दो टूक शब्दों में कहा कि प्रशासन किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को हल्के में न ले। यदि तय समय सीमा के भीतर इन नौ सूत्रीय मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान तहसील परिसर में ही धरना-प्रदर्शन और अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।
इस अवसर पर रमाशंकर, अशोक पाल सिंह, हरिशंकर, डालचंद, नत्थू लाल कश्यप, जगदीश तथा मंडल महासचिव रमेश पाल सहित बड़ी संख्या में किसान व यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टरआंवला
जिला बरेली उत्तर प्रदेश