लोकेशन जतारा रिपोर्टर महेंद्रकुमार दुबे बॉबी
जतारा
एक तरफ टीकमगढ़ जिला भीषण गर्मी और रेड अलर्ट की स्थिति से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर बिजली व्यवस्था को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
जतारा विद्युत विभाग के प्रभारी अधिकारी बालकृष्ण तिवारी को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगातार बिजली समस्याओं और अघोषित कटौती को लेकर आमजन में भारी नाराजगी थी।
बताया जा रहा है कि देर रात करीब 2 बजे बड़ी संख्या में लोग विधायक हरिशंकर खटीक के निवास पहुंचे और भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली बंद रहने की शिकायत की। विधायक ने अधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद वे स्वयं विद्युत केंद्र पहुंचे और रात में ही बिजली सप्लाई शुरू करवाई।
घटना के बाद विधायक की नाराजगी सामने आई, जिसके चलते विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए प्रभारी अधिकारी को निलंबित कर दिया गया।
भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से आमजन परेशान थे। अब इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।