सहारनपुर
थाना सदर बाजार पुलिस ने हत्या की एक सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गमछा और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह द्वारा घटना का संज्ञान लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिन्दल एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में थाना सदर बाजार पुलिस ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को शाकंभरी विहार तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में समरयाब उर्फ समरा पुत्र अब्दुल हसन निवासी ग्राम ताहरपुर थाना कोतवाली देहात तथा अफसाना पत्नी स्वर्गीय मुशाद निवासी ग्राम ताहरपुर शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिन्दल ने प्रेस वार्ता में बताया कि पूछताछ में आरोपी समरयाब ने बताया कि उसके मृतक मुशाद की पत्नी अफसाना के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी वजह से वह अक्सर मुशाद के घर आता जाता था। कुछ समय पहले मुशाद को दोनों के संबंधों पर शक हो गया था, जिसके चलते घर में विवाद रहने लगा था। आरोपी ने बताया कि मुशाद नशे का आदी था और घर का सामान भी बेच देता था, जिससे अफसाना परेशान रहती थी। लगभग एक सप्ताह पहले अफसाना ने मुशाद को रास्ते से हटाने की बात कही, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 20 मई 2026 को समरयाब ने मुशाद को शराब पीने के बहाने गांव के बाहर एक खाली प्लॉट में बुलाया। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी और जब मुशाद अधिक नशे की हालत में हो गया तो आरोपी ने गमछे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़