उरई(जालौन):
यूपी सीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक की लगातार अनुपस्थिति पर डीएम ने शासन को कार्रवाई हेतु पत्र भेजने के निर्देश: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिला उद्योग बंधु एवं जिला व्यापार बंधु की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, स्वरोजगार योजनाओं, व्यापारिक गतिविधियों तथा व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं की विस्तार से समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में उद्योग एवं व्यापार दोनों ही आर्थिक विकास की मजबूत धुरी हैं। निवेश बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा व्यापारियों को बेहतर वातावरण देने के लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद को 1600 आवेदन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष अब तक 917 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 783 आवेदन बैंक को भेजे गए, 123 आवेदन स्वीकृत हुए तथा 75 आवेदनों का वितरण किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं की समीक्षा करते हुए कालपी रोड औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, नाली व्यवस्था एवं अतिक्रमण से संबंधित मामलों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में विद्युत, जलनिकासी एवं आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने यूपी सीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार के लगातार अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। क्षेत्रीय प्रबंधक की अनुपस्थिति के कारण व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं का समय से निराकरण नहीं हो पा रहा है, जो गंभीर लापरवाही है। इस पर जिलाधिकारी ने यूपी सीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने हेतु शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए।जिला व्यापार बंधु बैठक में व्यापारियों द्वारा सब्जी मंडी क्षेत्र में ट्रॉली खड़े होने से उत्पन्न अव्यवस्था, कालपी बाजार में अतिक्रमण, सड़क चौड़ीकरण, टाइल्स मरम्मत, जलभराव, पेयजल एवं सुलभ शौचालय जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में निवेश मित्र पोर्टल, जीबीसी, औद्योगिक निवेश एवं रोजगार सृजन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से जनपद में बड़े स्तर पर निवेश एवं रोजगार सृजन की संभावनाएं विकसित हो रही हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उद्योग एवं व्यापार से जुड़े सभी मामलों का निस्तारण पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए तथा किसी भी व्यापारी या उद्यमी को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन जनपद में बेहतर औद्योगिक एवं व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ईशान सोनी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी, व्यापार मंडल एवं उद्योग बंधु के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख ITN news)