राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने मंगलवार को लक्ष्मी पान भंडार के समीप चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य की धीमी गति और लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी को फटकार लगाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीवर लाइन कार्य के चलते पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त पाई गई, जिस पर निगमाध्यक्ष ने सीवर प्रोजेक्ट से जुड़े हार्दिक पटेल को तत्काल पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति नागरिकों की सबसे बड़ी आवश्यकता है, ऐसे में सुबह की जल सप्लाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। साथ ही मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही इसकी जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने को कहा गया।
निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने कहा कि शहर में संचालित विकास कार्य आमजन की सुविधा और बेहतर आधारभूत संरचना के लिए किए जा रहे हैं, लेकिन कार्य के दौरान नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित एजेंसी को निर्देशित किया कि सीवर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और तय समयसीमा में कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन पर भी जोर देते हुए पर्याप्त बैरिकेडिंग, संकेतक बोर्ड एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रिकालीन सुरक्षा प्रबंध दुरुस्त रखने के लिए अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
इस दौरान संबंधित एजेंसी के हार्दिक पटेल, पार्थ पटेल, एजेंसी कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।