बारिपदा
मयूरभंज जिले के बारिपदा शहर स्थित बुधाबलंग नदी तट पर अवस्थित सुप्रभा गुरुकुल में बुधवार को भव्य विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में +2 परीक्षा पूर्ण कर चुके वरिष्ठ छात्र-छात्राओं को कनिष्ठ विद्यार्थियों की ओर से भावभीनी विदाई दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रभु जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात गुरुजनों का सम्मान किया गया तथा विदाई ले रहे विद्यार्थियों को बैच एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के बीच आत्मीयता और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के अध्यक्ष शुभम कुमार कर ने टॉपर छात्र-छात्राओं को पुष्पगुच्छ एवं उत्तरीय प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर एक आदर्श नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
कला संकाय में टॉपर रही भाग्यश्री पत्र एवं विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्तुति माझी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नृत्य प्रस्तुत कर समारोह को रंगारंग बना दिया।
संस्थान के सुंदर वातावरण एवं अनुशासित शैक्षणिक माहौल की अभिभावकों ने भी सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सृष्टिधर पृष्टि, संतोष बारिक, विकास चंद्र धुंदिया, आकाश बारिक, बापुन महांत, तपस्विनी भोई, इतिश्री बारिक तथा उत्तम महाकुड़ समेत अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।