दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
क्षेत्र में रुक रुक कर चोरियाँ जारी रहने से स्थानीय लोग सहम गए हैं। गांव खजुरी निवासी दुकानदार अमित कुमार ने मंगलवार को दुद्धी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह को लिखित में तहरीर देकर बताया कि उनका घर चोरी का शिकार हुआ है।
प्रार्थी अमित कुमार ने कहा कि वह 21 मई 2026 को अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए वाराणसी गए थे और आज 2 जून 2026 को इलाज कर वापस लौटे तो घर का चैनल दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला था, आलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने के आभूषण तथा नकद रुपये गायब थे। चोरी गए सामान की पूरी सूची वे बाद में थाने में सौंपेंगे। उन्होंने घटना की जांच कराकर शातिर चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय निवासी एवं अन्य दुकानदार भी इलाके में बार-बार चोरी की घटनाओं से चिंतित हैं। कई लोगों ने कहा कि रात में घर छोड़कर नहीं जाना सुरक्षित महसूस होता और अधिकांश लोग सुरक्षा के इंतज़ाम बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कुछ लोगों ने कम प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा गश्त की कमी को भी चोरियों का कारण बताया।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है और पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और मामले की जांच जारी है ।