अधिवक्ता डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने प्रेस वार्ता में जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की
गजरौला (अमरोहा)। अधिवक्ता डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने गजरौला में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अपनी तथा अपने परिवार की जान को खतरा होने का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भूमाफिया वेदपाल सिंह उर्फ वेदु द्वारा कथित रूप से उनकी हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी गई है।
प्रेस वार्ता में डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने दावा किया कि कथित हत्यारा गैंग D/132/J/2025 के सरगना मनोज चौहान के साथ-साथ हिस्ट्रीशीटर सचिन कुमार और नीरज कुमार इस पूरे प्रकरण से जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके परिवार की कथित रूप से रैकी कराई जा रही है।
अधिवक्ता डॉ. शुक्ला ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, शासन एवं पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार संविधान और कानून में विश्वास रखते हैं तथा कलम की ताकत से न्याय की लड़ाई लड़ते हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने दावा किया कि अमरोहा और आसपास के क्षेत्रों में कथित भूमाफिया गतिविधियों, अवैध कॉलोनियों तथा विवादित संपत्तियों पर कब्जे के मामलों को उठाने के कारण उनके खिलाफ रंजिश पैदा हुई है। उन्होंने वेदपाल सिंह, मनोज चौहान, सचिन कुमार एवं नीरज कुमार के विरुद्ध दर्ज बताए गए विभिन्न मुकदमों का भी उल्लेख किया।
डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने कहा कि कथित 10 लाख रुपये की हत्या की सुपारी से जुड़े मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए और उनके जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कथित सुपारी किलर गिरोह के सरगना मनोज चौहान तथा सचिन कुमार और नीरज कुमार के विरुद्ध तत्काल जिला बदर की कार्रवाई किए जाने की मांग भी की।
उन्होंने क्षेत्रीय जनता से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
प्रेस वार्ता में डॉ. रविन्द्र शुक्ला ने कहा, “हत्यारा गिरोह, मनोज चौहान, हिस्ट्रीशीटर सचिन-नीरज एवं भूमाफिया वेदपाल गोली की बात करते हैं, मैं अधिवक्ता कलम और संविधान की बात करता हूँ।”
नोट: उपरोक्त सभी आरोप अधिवक्ता डॉ. रविन्द्र शुक्ला द्वारा प्रेस वार्ता में लगाए गए हैं। संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सकी थी।
अमरोहा से जगदेव सिंह की रिपोर्ट