उरई(जालौन):
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकास खण्ड डकोर स्थित गौशाला में सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने पहुंचकर गोवंश की सेवा की तथा उन्हें गुड़ एवं चना खिलाकर गौ संरक्षण का संदेश दिया और वृक्षारोपण किया।सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि संवेदनशील समाज निर्माण का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ धरातल तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि गौशालाएं केवल आश्रय स्थल नहीं बल्कि पशुधन संरक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि गोवंश की समुचित देखभाल, स्वच्छता, चारा-पानी एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन और समाज दोनों का दायित्व है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि गोवंश के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि गौशालाओं में चारे, स्वच्छ पेयजल, छायादार व्यवस्था तथा पशु चिकित्सा सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा एवं संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें जनसहभागिता भी आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भाव भारतीय संस्कृति की पहचान है। उन्होंने गौशाला में मौजूद गोवंश को गुड़-चना खिलाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गौसेवा को मानव सेवा के समान बताते हुए गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर सहयोग का संकल्प लिया।कार्यक्रम के दौरान गौशाला परिसर में स्वच्छता, हरियाली एवं बेहतर व्यवस्थाओं पर भी विशेष बल दिया गया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
ITN news)