उरई(जालौन):
(अनिल कुमार ओझा/ITN news)
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा तथा मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में संचालित ‘एक पेड़-माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद जालौन में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास खण्ड डकोर के ग्राम मोहम्मदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में सभी विकास खण्डों, नगर निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान संचालित किया गया। अमृत सरोवरों, तालाबों, गौशालाओं, सड़कों, नदी एवं नहरों के किनारे तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 10 लाख 37 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ-साथ फलदार वृक्षों के रोपण को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जैव विविधता को भी मजबूती मिले। जिलाधिकारी ने कहा कि इस महाअभियान में विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रही। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय कर्मियों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न कराया गया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही महत्वपूर्ण है।