दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
स्थानीय तहसील क्षेत्र के मझौली गांव से सोशल मीडिया पर सामने आए एक वायरल वीडियो ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में अंश निर्धारण और पत्थरगड़ी जैसे राजस्व संबंधी कार्यों के नाम पर एक काश्तकार से कथित रूप से रिश्वत लेते और गिनते हुए राजस्व कर्मचारियों को दिखाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार वीडियो वायरल होते ही उपजिलाधिकारी दुद्धी निखिल कुमार यादव ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर संबंधित कानूनगो के खिलाफ निलंबन की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट जिलाधिकारी सोनभद्र को भेज दी गई है।
वहीं जांच के दौरान क्षेत्रीय लेखपाल की भूमिका पर भी संदेह के संकेत मिलने पर उसे तत्काल प्रभाव से उसके वर्तमान कार्यक्षेत्र से हटा दिया गया है। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद पूरे राजस्व विभाग में खलबली और हड़कंप मची हुई है ।
उधर स्थानीय लोगों और ग्रामीणों में पारदर्शिता की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि तहसील में कार्यों के लिए बड़े पैमाने पर पैसे की मांग किया जाता है और बगैर भुगतान के काम नहीं किए जाते। शनिवार को तहसील दिवस में जिलाधिकारी के आने की खबर से कार्यवाही किए गए है । बताया जाता है कि पीड़ित व्यक्ति ने संबंधित पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।प्रशासन ने भरोसा दिया है कि राजस्व सेवाओं में गड़बड़ी की किसी भी शिकायत का संज्ञान लिया जाएगा। निष्पक्ष जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।