राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम कटनी द्वारा साधुराम स्कूल परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार, मेयर इन काउंसिल सदस्य उमेंद्र अहिरवार, पार्षद श्रीमती सीमा श्रीवास्तव, श्रीमती शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद श्रीमती ऋचा गेलानी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस दौरान नीम, करंज, गुलमोहर और अमलतास सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। अतिथियों ने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत प्रयास है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से हरित कटनी के निर्माण का संकल्प दोहराया गया तथा नागरिकों से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।