आंवला बरेली
आंवला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन (शंकर) गुट के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह ने शुक्रवार को दोपहर एक बजे एसडीएम विदुषी सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रताप सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से अस्पताल में प्रभारी डॉक्टर अनुपस्थित रहते हैं। मरीजों को फार्मासिस्ट द्वारा देखा जा रहा है, जो जनहित और स्वास्थ्य मानकों के विपरीत है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि एसडीएम ने पूर्व में अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था, जिसमें गंभीर अनियमितताएं और डॉक्टरों की अनुपस्थिति पाई गई थी। इसके बावजूद अस्पताल स्टाफ पर कोई असर नहीं हुआ है, जिससे मरीजों के जीवन से खिलवाड़ हो रहा है।
प्रताप सिंह के अनुसार, जनता के आग्रह पर जब वह अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें बताया गया कि डॉक्टर मीटिंग में हैं और फार्मासिस्ट मरीजों की जांच कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और जनमानस की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा
प्रवीन कुमार सक्सेना रिपोर्टर तहसील आंवला जिला बरेली