राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज
कटनी।
आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए नगर निगम प्रशासन जन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर में जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ निगम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को महात्मा गांधी वार्ड स्थित घंटाघर की वर्मा गली में एक अत्यंत जर्जर और जोखिमपूर्ण भवन को सुरक्षित तरीके से ध्वस्त किया गया।
बताया जा रहा है कि यह भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में खड़ा था और बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी हुई थी। भवन के आसपास आबादी होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। संभावित जनहानि को रोकने के लिए नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले भवन को खाली कराया, फिर सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग के दोनों ओर आवागमन बंद कर मशीनों की सहायता से भवन को गिराया गया।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह के अनुसार निगम प्रशासन द्वारा वर्षा पूर्व विशेष अभियान चलाकर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर एवं खतरनाक भवनों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। ऐसे भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि उनके मकान या भवन जर्जर स्थिति में हैं तो वे स्वेच्छा से उन्हें सुरक्षित कराने अथवा हटाने की कार्रवाई करें। अन्यथा जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ऐसे भवनों को हटाने की कार्रवाई करेगा।
बारिश से पहले निगम का यह अभियान शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।