राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से थाना ढीमरखेड़ा पुलिस ने आदतन अपराधियों, निगरानी बदमाशों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र के आदतन अपराधियों और निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर उनकी वर्तमान गतिविधियों, आजीविका एवं सामाजिक व्यवहार की जानकारी जुटाई। साथ ही उन्हें अपराध से दूर रहने, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा कानून का पालन करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने पूर्व में आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए संदिग्ध लोगों की भी जांच-पड़ताल की। सार्वजनिक स्थानों पर बिना किसी कारण घूमने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के अभियान लगातार संचालित किए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।