बारिपदा
स्थानीय शहीद स्मृति भवन में बारिपदा कलाकार परिवार के तत्वावधान में आयोजित 6वें वार्षिक नाट्य महोत्सव की 5वीं संध्या पर सामाजिक नाटक “मिडिल क्लास” का सफल मंचन किया गया। नाटक ने आज के सामाजिक और लोकतांत्रिक व्यवस्था के बीच मध्यमवर्गीय परिवारों की संघर्षपूर्ण स्थिति को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर दर्शकों को भावुक और स्तब्ध कर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संतोष महांति ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिलाधिकारी दुखबंधु नायक, वरिष्ठ अधिवक्ता बिजेन दास एवं क्षेत्रमोहन पंडा, तथा फिल्म निर्माता एवं समाजसेवी नंदिकेश शेजपड़ा उपस्थित रहे। अतिथियों ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए इसकी सफलता की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन ज्ञानरंजन पंडा ने किया, जबकि संस्था के सचिव असित गिरी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
“उज्जयिनी” नाट्यशाला द्वारा प्रस्तुत इस नाटक का लेखन सोमनाथ साहू ने किया है तथा निर्देशन महेश साहू (तपुबाबा) ने किया। नाटक में प्रयास शतपथी, समरेंद्र बसा, सौम्यशिष शतपथी, प्रशांत नंद, संजीव दलई, गुहिराम जेना, राजाराम पंडित, अशोक पटनायक, विद्यादर्शिनी विश्वाल, अभिजीत पंडा, विजयीनी बेहरा, लिपिका राणा, अनुराधा पटनायक, लुई देवस्मिता, गीतांजलि, रवि बाबू, बिंदास बिट्टू, सुधीर किस्कू, ज्योतिर्जीव सेठी, नवकिशोर लेंका, कलिया, चित्रा, कृष्णा सहित अनेक कलाकारों ने शानदार अभिनय किया।
मंच सज्जा का दायित्व नरसिंह बारिक, संगीत निर्देशन ज्योतिप्रकाश दास एवं तपुबाबा, प्रकाश व्यवस्था अंकेत दास, पृष्ठभूमि संगीत सराफतुल्ला, नृत्य निर्देशन सूरज पृष्टी तथा सह-निर्देशन सरोज शतपथी और धनंजय साहू ने संभाला।
नाटक में कलाकारों के सशक्त एवं जीवंत अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कार्यक्रम के दौरान नाटककार, निर्देशक एवं सभी कलाकारों को आयोजकों की ओर से सम्मानित भी किया गया।
महोत्सव की अगली प्रस्तुति 6 जून (शनिवार) को होगी, जिसमें “पुरबी”, बारिपदा द्वारा प्रस्तुत “नईर ठिकाना” नाटक का मंचन किया जाएगा। इस नाटक का लेखन डॉ. पंचानन पात्र तथा निर्देशन डॉ. प्रकाश चंद्र दास ने किया है।
रिपोर्ट: हिमांशु शेखर प्रहराज, ओडिशा चीफ, मयूरभंज।