रिपोर्टर: जाकिर झंकार : आहवा डांग
डांग जिले के आहवा पुलिस स्टेशन में दर्ज 15.40 लाख रुपये की ठगी के मामले में शामिल “द ईवा ग्रुप” कंपनी के डायरेक्टर राजेशकुमार रामप्रसाद बिंद को लोकल क्राइम ब्रांच (LCB), डांग-आहवा की टीम ने बिहार राज्य के कैमूर जिले के लेदरी गांव से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोगों को एक मार्केटिंग कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया था और उन्हें मात्र छह महीने में मूल राशि तथा अगले सात महीनों में रकम दोगुनी करके लौटाने का लालच दिया था। इस लालच में आकर शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों ने कुल 18.40 लाख रुपये का निवेश किया था। आरोपियों ने निवेशकों को केवल 3 लाख रुपये वापस किए और शेष 15.40 लाख रुपये लौटाए बिना विश्वासघात और धोखाधड़ी की।
इस संबंध में आहवा पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता, जी.पी.आई.डी. एक्ट तथा प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन (बैनिंग) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस महानिरीक्षक प्रेमवीर सिंह (IPS), सूरत रेंज के मार्गदर्शन तथा डांग जिला पुलिस अधीक्षक पूजा यादव के निर्देशन में PSI जे.जी. अंडकट और LCB टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अलग-अलग राज्यों में अपना ठिकाना बदल रहा था। मानव एवं तकनीकी स्रोतों की सहायता से आरोपी की लोकेशन पहले भुवनेश्वर (ओडिशा), फिर हावड़ा (पश्चिम बंगाल) और बाद में बिहार तक ट्रेस की गई।
आरोपी को पकड़ने के लिए LCB टीम ने ट्रेन, बस और ऑटो-रिक्शा के माध्यम से लगभग 4,700 किलोमीटर की लंबी यात्रा की। बिहार के लेदरी गांव में आरोपी के अपने घर पर होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम बारिश और कीचड़ के बीच पैदल पहुंची तथा घर को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान आरोपी छत से कूदकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसका पीछा कर उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी राजेशकुमार रामप्रसाद बिंद (उम्र 35 वर्ष), वर्तमान में नहर फलिया, सिलवासा (दादरा एवं नगर हवेली) तथा मूल निवासी लेदरी गांव, चांद ब्लॉक, कैमूर जिला, बिहार का रहने वाला है।
इस पूरी कार्रवाई में PSI जे.जी. अंडकट, ASI रमेशभाई पवार, ASI प्रमोदभाई निवार, HC दिनेशभाई गांगुड़ा, HC दिलीपभाई गामित, HC जयरामभाई बागुल सहित LCB टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने आरोपी को आगे की जांच के लिए आहवा पुलिस स्टेशन को सौंप दिया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। डांग से खास रिपोर्ट रिपोर्टर भावेश पटेल