बरेली तहसील रिपोर्ट- शुभम चौबे
बरेली।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे की तैयारियों के बीच बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बीडीए के उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) रहे आईएएस अधिकारी मणिकंदन ए. को उनके पद से हटाकर शासन में प्रतीक्षारत कर दिया गया है। उनके स्थान पर वर्ष 2017 बैच की आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय को बरेली विकास प्राधिकरण का नया उपाध्यक्ष एवं आरएफसी नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार मणिकंदन ए. को 30 जनवरी 2024 को बरेली विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और आरएफसी बनाया गया था। उनके कार्यकाल के दौरान बीडीए की दो नई परियोजनाओं की परिकल्पना की गई थी, हालांकि इन परियोजनाओं को अपेक्षित गति नहीं मिल सकी। सूत्रों के मुताबिक विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के साथ मतभेद भी चर्चा का विषय रहे। इसी बीच शासन स्तर पर उनके खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद यह प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
मणिकंदन ए. से पहले बीडीए के उपाध्यक्ष रहे जोगिंदर सिंह के कार्यकाल को विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। उनके समय में बीडीए की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई थी और प्राधिकरण के पास लगभग 800 करोड़ रुपये की एफडी होने की चर्चा रही। साथ ही शहर के प्रमुख नाथ मंदिरों को जोड़ने के लिए नाथ कॉरिडोर की परिकल्पना भी की गई थी।
सूत्रों का कहना है कि हाल के समय में बीडीए की कुछ योजनाएं अपेक्षित प्रगति नहीं कर सकीं, जबकि प्राधिकरण पर खर्च का दबाव बढ़ने की भी चर्चा रही। हालांकि शासन की ओर से तबादले के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
उधर, नई उपाध्यक्ष नियुक्त की गईं आईएएस अधिकारी सौम्या पांडेय इससे पहले अपर श्रमायुक्त के पद पर कार्यरत थीं। प्रशासनिक हलकों में उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि वह बीडीए की लंबित परियोजनाओं को गति देने और आगामी विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान देंगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित बरेली दौरे की तैयारियां इन दिनों जोर-शोर से चल रही हैं। मुख्यमंत्री जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने वाले हैं, उनमें बड़ी संख्या बीडीए से संबंधित बताई जा रही है। ऐसे में दौरे से ठीक पहले बीडीए के उपाध्यक्ष का अचानक तबादला प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।