बारीपदा
मुंबई में आयोजित होने वाले 19वें मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (MIFF-2026) में मयूरभंज जिले के आदिवासी फिल्म निर्माता तथा बारीपदा राष्ट्रीय आदिवासी लघु फिल्म महोत्सव के निदेशक दीपक कुमार बेसरा वक्ता के रूप में भाग लेंगे।दीपक कुमार बेसरा को एनएफडीसी (नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) की ओर से महोत्सव के एक विशेष राउंड टेबल सत्र में वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस सम्मान को प्राप्त करने वाले वे मयूरभंज जिले के पहले व्यक्ति हैं।उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान 18 जून को “फिल्म महोत्सवों में विविधता, क्षेत्रीय सिनेमा और वैश्विक फिल्म महोत्सवों का परिदृश्य” विषय पर एक विशेष परिचर्चा आयोजित होगी, जिसमें वे अपने विचार रखेंगे।गौरतलब है कि दीपक कुमार बेसरा एक प्रतिष्ठित आदिवासी फिल्म एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माता हैं। उनकी फिल्मों “पपेया” और “मोहत” को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।वे लंबे समय से संथाली सिनेमा के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। आधुनिक विषयों पर आधारित कहानियों को मंच उपलब्ध कराने, विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में फिल्म स्क्रीनिंग आयोजित करने तथा फिल्म निर्माण कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं को सिनेमा के प्रति प्रेरित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।मुंबई अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में उनकी सहभागिता मयूरभंज जिले, ओडिशा राज्य तथा संथाली एवं आदिवासी सिनेमा जगत के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है। इस उपलब्धि पर उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।