आंवला में जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत, पीड़ितों ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई, निर्माण रोकने की मांग।
आंवला। आंवला तहसील के सिरौली थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने एसएसपी बरेली से शिकायत कर कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
थाना सिरौली क्षेत्र के गांव नवाबपुरा निवासी ओमप्रकाश और नेत्रपाल ने बताया कि उनकी गांव में एक जमीन है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग अपने साथियों के साथ मिलकर पिछले कई महीनों से इस जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, आरोपियों ने जमीन पर मिट्टी डालकर भराव किया है और चारों तरफ दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास किया है। उन्होंने जमीन पर एक टिन शेड भी डाल लिया है।
पीड़ितों का आरोप है कि जब वे इस अवैध कब्जे का विरोध करते हैं, तो आरोपी उन्हें गाली-गलौज करते हैं और अवैध असलहे दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हैं। विपक्षी उन्हें एससी-एसटी एक्ट के झूठे मुकदमे में फंसाने और पूरे परिवार को जान से मारने की भी धमकी दे रहे हैं।
पीड़ितों ने किसी अनहोनी घटना की आशंका जताते हुए एसएसपी से जमीन को कब्जा मुक्त कराने और आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।