इंडियन टीवी न्यूज़
सुशील चौहान
स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर किया गया योग का सामूहिक अभ्यास
सिवनी:बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को फुटबॉल स्टेडियम सिवनी में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साह और ऊर्जा के साथ आयोजित किया गया।कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों अधिकारियों कर्मचारियों विद्यार्थियों सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दिनेश राय ने उपस्थित जनसमुदाय को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित योग स्वस्थ संतुलित और सकारात्मक जीवन की कुंजी है।उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना ने विशेष रूप से युवाओं से योग को आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि मानसिक शांति एकाग्रता और आत्मविश्वास का भी आधार है।कार्यक्रम के दौरान कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना गया। इसके पश्चात उपस्थित जनों ने इस वर्ष की थीम”योगा फॉर हेल्दी एजिंग”अर्थात”स्वस्थ आयु के लिए योग”के अनुरूप सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।फुटबॉल स्टेडियम में एक साथ सैकड़ो लोगों को योग करते देख पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से भर उठा।कार्यक्रम ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और योग को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी संदेश दिया।कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोड़िया जनपद पंचायत अध्यक्ष किरण भलावी भाजपा जिला अध्यक्ष मीना बिसेन पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंजली शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।