आंवला में अवैध तमंचे के साथ फोटो वायरल, पीड़ित ने सीओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
बरेली आंवला। आंवला क्षेत्र में अवैध तमंचे के साथ फोटो वायरल होने, मारपीट और धमकी देने के मामले में सोमवार को सीओ आंवला से शिकायत की है। पीड़ित पक्ष ने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना भमोरा क्षेत्र के कुडढा गांव निवासी राकेश कुमार ने सीओ को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता राजकुमार मौर्य अपने घर के पास मंदिर में आरती करने जा रहे थे। तभी गांव के कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में राजकुमार मौर्य को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के दिन ही राजकुमार मौर्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसी दिन भमोरा थाने में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई गई थी। राकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक पीड़ित और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपी युवक का तमंचा लहराते हुए एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित राकेश कुमार ने अपनी जान-माल को खतरा बताते हुए एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली