गंगा दशहरा पर्व के दृष्टिगत एसपी (ग्रामीण) ने किया घाटों का निरीक्षण.
बुलंदशहर। गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री अंतिरक्ष जैन द्वारा प्रातःकाल अनूपशहर स्थित मस्तराम घाट एवं बवस्टर घाट तथा आहार स्थित सिद्ध बाबा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों पर की गई बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों एवं नावों की उपलब्धता, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़ नियंत्रण एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जनपद पुलिस द्वारा गंगा दशहरा के अवसर पर समुचित सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं तथा संपूर्ण कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बुलंदशहर. उत्तरप्रदेश.
रिपोर्ट: अनित सोम, उत्तर प्रदेश पत्रकार