पेपर लीक, बेरोज़गारी और भर्ती में देरी से युवाओं का भविष्य खतरे में: क़ाज़ी सुहेल अहमद
शहजाद आलम, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर। जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने देश के छात्रों और युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि देश का युवा आज अभूतपूर्व चुनौतियों का सामना कर रहा है और सरकार युवाओं की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं का निरस्त होना, सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की खामियां युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना रही हैं। लाखों छात्र वर्षों की मेहनत और अपने परिवारों की उम्मीदों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने से उनके सपने टूट रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में कोटा में आयोजित “छात्रों की गूंज” रैली के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के छात्रों और युवाओं की वास्तविक समस्याओं को मजबूती से उठाया है। राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है कि देश के युवाओं को न्याय, अवसर और सम्मान मिलना चाहिए तथा उनकी आवाज़ को किसी भी कीमत पर दबाया नहीं जा सकता।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के संघर्ष की साझेदार है और उनकी समस्याओं को गांव-गांव, कस्बों और शहरों तक पहुंचाने का कार्य करेगी। स्थानीय भाषाओं में संवाद स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को इन मुद्दों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि युवाओं की आवाज़ और अधिक बुलंद हो सके।
उन्होंने सरकार से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, सभी रिक्त पदों पर समयबद्ध भर्ती सुनिश्चित की जाए तथा युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार का अधिकार केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि देश के युवाओं का मौलिक अधिकार है।
अंत में क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करती रहेगी और उनकी आवाज़ को हर मंच पर मजबूती से उठाने का कार्य करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, अकील अहमद मुन्नू, सादिक अहमद, सतीश चंद्र त्रिपाठी, अश्विनी सिंह सोलंकी, डॉ. प्रमोद कुमार, कपिल देव यादव, इश्तियाक चौधरी, गालिब बिसेन, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद, सौरभ पंछी सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।