बस्ती: कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने अधिकारियों को व्यापारियों एवं उद्यमियों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली, पेयजल, जल निकासी, बेहतर सड़क व्यवस्था और अतिक्रमण मुक्त माहौल उद्योग एवं व्यापार को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक हैं।
बैठक में निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 437 लंबित प्रकरणों में से 353 का निस्तारण किया जा चुका है, जबकि 54 मामले अभी विचाराधीन हैं। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी समेत विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
व्यापारियों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखीं, जिस पर सीआरओ ने समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उद्योगों की स्थापना और संचालन में आने वाली बाधाओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
इंद्रजीत त्रिपाठी
आईटीएन नेशनल न्यूज़, बस्ती