नंबर प्लेट में हेराफेरी अब नहीं चलेगी! झांसी में DM-SSP ने तैयार किया सख्त एक्शन प्लान
झांसी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी गौरांग राठी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
बैठक में बिना नंबर प्लेट, फर्जी नंबर प्लेट अथवा नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर चलाए जा रहे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को ऐसे वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और सार्वजनिक मार्गों पर संचालित हो रही अनधिकृत वाहन रिपेयरिंग की दुकानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखना तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से शहर में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट: शक्ति सिंह | झांसी