शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज सांसद जगदंबिका पाल ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन एनेक्सी (EPHA) के समिति कक्ष-1 में आयोजित ऊर्जा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की बैठक में सहभागिता की। बैठक में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) तथा राष्ट्रीय पवन ऊर्जा संस्थान (NIWE) के वरिष्ठ अधिकारियों ने “देश में पवन ऊर्जा क्षेत्र का मूल्यांकन” विषय पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रस्तुतीकरण के दौरान देश में पवन ऊर्जा की वर्तमान स्थिति, उत्पादन क्षमता, भविष्य की संभावनाओं, नीतिगत सुधारों, तकनीकी नवाचार, निवेश, अवसंरचना विकास तथा इस क्षेत्र के सामने मौजूद चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने भी पवन ऊर्जा क्षेत्र को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
बैठक में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में पवन ऊर्जा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निरंतर नवाचार, प्रभावी नीतियों और आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग देश के सतत एवं समावेशी विकास को नई दिशा देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि संसदीय समिति की चर्चा और सुझाव पवन ऊर्जा क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने तथा ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। साथ ही उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
बैठक में पवन ऊर्जा क्षेत्र के विस्तार, निवेश बढ़ाने, आधुनिक तकनीकों के उपयोग तथा भविष्य की रणनीतियों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। समिति ने इस क्षेत्र में बेहतर समन्वय, नीतिगत सुधार और दीर्घकालिक योजनाओं की आवश्यकता पर भी बल दिया। यह बैठक देश में स्वच्छ ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।