राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण स्लीमनाबाद तहसील के ग्राम निमास में देखने को मिला, जहां पिछले करीब छह माह से जलभराव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई।
दरअसल, 16 जून को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम निमास के वार्ड क्रमांक 10 और 11 के रहवासियों ने कलेक्टर आशीष तिवारी से शिकायत की थी कि कुछ लोगों द्वारा जल निकासी का मार्ग अवरुद्ध किए जाने के कारण क्षेत्र में लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था, वहीं गंदा पानी जमा रहने से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर आशीष तिवारी ने तत्काल स्लीमनाबाद तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश के बाद शुक्रवार को तहसीलदार आकाशदीप नामदेव पुलिस बल के साथ ग्राम निमास पहुंचे। प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों की मौजूदगी में निरीक्षण किया और जल निकासी में बाधा बन रही मेढ़ को हटवाकर आवश्यक स्थान पर सीमेंट पाइप डलवाए, जिससे पानी की निकासी फिर से सुचारू हो गई।
कार्रवाई के बाद वार्ड क्रमांक 10 और 11 में लंबे समय से भरा पानी निकलना शुरू हो गया। जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि जनसुनवाई में उठाई गई समस्या का समयबद्ध समाधान होने से शासन-प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।