राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। नगर पालिक निगम कटनी नागरिक सुविधाओं को डिजिटल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर जल्द ही भवनों और निगम स्वामित्व की दुकानों के नामांतरण की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की जाएगी। इसकी तैयारी के तहत शुक्रवार को एमआईसी कक्ष में राजस्व शाखा के अधिकारियों और कर्मचारियों को ऑनलाइन नामांतरण प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद नागरिकों को नामांतरण के लिए नगर निगम के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आवेदन से लेकर दस्तावेज अपलोड, एनओसी, सार्वजनिक सूचना, मौका निरीक्षण, अनुमोदन और अंतिम आदेश तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। साथ ही आवेदक घर बैठे अपने आवेदन की स्थिति देख सकेगा और यह भी जान सकेगा कि उसका प्रकरण किस अधिकारी के पास लंबित है।
ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से लंबित प्रकरणों की स्वतः निगरानी होगी। निर्धारित समय-सीमा से अधिक विलंब होने पर संबंधित अधिकारी को रेड फ्लैग जारी होगा और देरी का कारण दर्ज करना अनिवार्य रहेगा। दस्तावेजों में कमी होने पर आवेदक को एसएमएस और पोर्टल के जरिए तत्काल सूचना भी दी जाएगी।
निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि इस डिजिटल व्यवस्था से नामांतरण प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। इससे नागरिकों को राहत मिलने के साथ नगर निगम के राजस्व में भी वृद्धि होगी, जिसका उपयोग शहर के विकास कार्यों में किया जाएगा।