राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के विरुद्ध प्रचलित कानून के तहत एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भगवान श्री हनुमानजी का किसी राजनीतिक दल के झंडे अथवा राजनीतिक प्रचार से जुड़े स्वरूप में चित्रण किया गया है, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था एवं मर्यादा के विपरीत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि सभी धर्मों के देवी-देवताओं, धार्मिक प्रतीकों और आस्थाओं का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक और संगठन का दायित्व है। यदि किसी कृत्य से धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं, तो उसकी निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति या संगठन धार्मिक प्रतीकों का अनुचित राजनीतिक उपयोग न कर सके और समाज में सौहार्द एवं भाईचारा कायम रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एडवोकेट अमित शुक्ला सहित राजा जगवानी, रजनी वर्मा, सौम्या राधेलिया, राजेश जाटव, जितेंद्र गुप्ता, मुकेश परोहा, मंगल सिंह, रंजीत सिंह, मोसुफ़ अहमद बिट्टू, श्याम पाहुजा, राजकुमार (कल्लू) विश्वकर्मा एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।