स्टेट रिपोर्टर (उत्तर प्रदेश) – शुभम चौबे
बदायूं। शहर के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। डाकघर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एहतियात के तौर पर डाकघर में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सीओ सिटी राहुल पांडेय के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। सुरक्षा एजेंसियों ने डाकघर के हर कमरे, रिकॉर्ड रूम, पार्सल सेक्शन, डाक सामग्री और अन्य सभी स्थानों की बारीकी से जांच की। करीब तीन घंटे तक चले इस अभियान के दौरान प्रत्येक पार्सल और संदिग्ध वस्तु की गहन पड़ताल की गई।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
लंबी तलाशी के बावजूद डाकघर परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी को पूरी गंभीरता से लिया गया और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए व्यापक जांच कराई गई।
साइबर सेल जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। साथ ही डाकघर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
लगातार दूसरी धमकी से बढ़ी सतर्कता
गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को भी बदायूं जिला न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। लगातार दो दिनों में मिली धमकियों के बाद जिले में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है तथा संवेदनशील सरकारी कार्यालयों की निगरानी तेज कर दी गई है।