सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश
स्टेट रिपोर्टर ( उत्तर प्रदेश)- शुभम चौबे
बरेली। आगामी सावन माह और कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में भाजपा पदाधिकारियों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन माह के दौरान जिले में मांस और मछली की सभी दुकानें बंद रहेंगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ियों का स्वागत हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर किया जाएगा।
करीब 7 हजार कांवड़ जत्थों की होगी निगरानी
कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष जिले से लगभग 7 हजार कांवड़ जत्थे यात्रा पर निकलेंगे। प्रत्येक जत्थे के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यदि किसी अन्य जिले में भी कांवड़ियों को कोई समस्या आती है तो जिला प्रशासन आपसी समन्वय से तत्काल सहायता उपलब्ध कराएगा।
30 जुलाई से पहले दुरुस्त हों सभी सड़कें
बैठक में कांवड़ मार्गों की खराब सड़कों का मुद्दा भी उठाया गया। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जुलाई से पहले सभी प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त और दुरुस्त कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
12 फीट से ऊंचे डीजे पर रोक, बिजली विभाग को भी निर्देश
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार 12 फीट से अधिक ऊंचे डीजे वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। मंत्री ने कहा कि यह फैसला बिजली की हाईटेंशन लाइनों से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है। बिजली विभाग को भी सभी झूलते एवं नीचे लटक रहे बिजली तारों को समय रहते ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। ऐसे तत्वों पर पुलिस और प्रशासन विशेष नजर रखेगा। सोशल मीडिया की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी तरह की भ्रामक पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक गतिविधि पर तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
2017 से पहले की व्यवस्थाओं का किया जिक्र
बैठक के दौरान मंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले कांवड़ यात्रा के दौरान कई तरह की अव्यवस्थाएं देखने को मिलती थीं। उन्होंने दावा किया कि पहले कांवड़ियों पर लाठीचार्ज जैसी घटनाएं होती थीं और डीजे यात्रा कई स्थानों पर रोक दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार कांवड़ियों का सम्मान करते हुए हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत कर रही है।
बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, बिथरी चैनपुर विधायक राघवेंद्र शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।