राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कटनी जिले की महत्वाकांक्षी स्लीमनाबाद जल-सुरंग परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) के कार्य की प्रतीकात्मक समाप्ति कर परियोजना के टनल निर्माण पूर्ण होने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्लीमनाबाद टनल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं में से एक है, जो विंध्य क्षेत्र के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के माध्यम से नर्मदा का जल विंध्य अंचल तक पहुंचेगा, जिससे लाखों किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा मिलेगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना के शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि इसका लाभ जल्द से जल्द किसानों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ कदम सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।