किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा (Shefali Bagga) से लगातार दूसरे दिन लंबी पूछताछ की। शुक्रवार को रायपुर स्थित ED के जोनल कार्यालय में उनसे 8 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई। कार्यालय से बाहर निकलते समय उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और बिना बयान दिए वहां से रवाना हो गईं।
इससे पहले गुरुवार को भी ED ने शेफाली बग्गा से करीब 5 घंटे तक पूछताछ की थी। शुक्रवार को उन्हें दोबारा तलब कर ऑनलाइन बेटिंग ऐप के प्रचार-प्रसार, डिजिटल गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई बिंदुओं पर सवाल पूछे गए।
जांच एजेंसी के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों में शेफाली बग्गा की कथित भूमिका सामने आने के बाद उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया। जांच के दौरान बेटिंग ऐप से जुड़े कुछ प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य डिजिटल सामग्री एजेंसी के सामने आई है, जिनकी जांच की जा रही है।
ED को संदेह है कि शेफाली बग्गा का संबंध महादेव ऑनलाइन बेटिंग नेटवर्क के कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर से रहा है। एजेंसी का दावा है कि वह भारत में महादेव ऑनलाइन बुक से जुड़े हवाला लेन-देन और वित्तीय नेटवर्क का संचालन करता था।
जांच एजेंसी का यह भी आरोप है कि शेफाली बग्गा दुबई और लंदन से संचालित ऑनलाइन बेटिंग ऐप्स के प्रचार-प्रसार में शामिल थीं। ED के अनुसार, उसे ऐसे डिजिटल साक्ष्य और प्रमोशनल पेज मिले हैं जिनमें शेफाली बग्गा कथित तौर पर बेटिंग ऐप का प्रचार करती और खिलाड़ियों को टिप्स देती दिखाई देती हैं।
इसके अलावा, ED का दावा है कि शेफाली बग्गा द्वारा संचालित एक टेलीग्राम चैनल भी जांच के दायरे में है, जहां कथित रूप से गैरकानूनी ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े प्रमोशन और टिप्स साझा किए जाते थे।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है। ध्यान रहे कि ED द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है और अभी तक इस मामले में अदालत द्वारा शेफाली बग्गा को दोषी घोषित नहीं किया गया है। जांच एजेंसी पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।