बेल्थरा रोड। विधानसभा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर, सुचारु और निर्बाध बनाने के लिए विधायक हंसू राम ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN), उपखंड अधिकारी (SDO) एवं अवर अभियंता (JE) के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रिपिंग, ओवरलोडिंग, लो-वोल्टेज, जर्जर तारों, बार-बार फ्यूज उड़ने और समय पर मरम्मत न होने जैसी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि इन समस्याओं का केवल अस्थायी नहीं, बल्कि स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।बैठक के दौरान विधायक हंसू राम ने सोनाडीह व छितौना क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर जल्द बहाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में लंबे समय से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी तरह माल्दह में चल रहे विद्युत कार्यों को दो दिन के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा गया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाए।विधायक ने बेल्थरा रोड, नगरा सहित विभिन्न ग्राम सभाओं में आवश्यकता के अनुसार ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, पुराने और खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने तथा जर्जर तारों और पोलों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में विभाग को पहले से तैयारी करनी चाहिए, ताकि ओवरलोडिंग की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कटौती की स्थिति में उपभोक्ताओं को पहले से सूचना दी जाए।विधायक ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि बिजली व्यवस्था सीधे जनता के जीवन से जुड़ी हुई है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और घरेलू उपभोक्ताओं सभी को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, लाइन मेंटेनेंस और शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि छोटी समस्याएं बड़ी परेशानी का रूप न ले सकें।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में जहां-जहां बार-बार फॉल्ट की शिकायतें आ रही हैं, वहां तकनीकी टीम भेजकर कारणों की जांच कराई जाए और आवश्यक सुधार कार्य तुरंत शुरू किए जाएं। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन और स्थानीय स्तर पर संपर्क व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाए। विधायक ने कहा कि जनता को यह महसूस होना चाहिए कि विभाग उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। बैठक में अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार लाया जाएगा।
संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया