किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
धरसींवा। राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विशेष सत्यापन एवं जनसुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सिलतरा पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र में निवासरत श्रमिकों, बाहरी राज्यों से आए कामगारों तथा किरायेदारों के दस्तावेजों का व्यापक सत्यापन किया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसटीएफ नोडल अधिकारी अभिषेक झा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में लगभग 600 किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान उनके पहचान एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। जांच के दौरान 6 संदेही व्यक्तियों की पहचान होने पर उनसे पूछताछ की गई और उनके संबंध में वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने मकान मालिकों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिना पुलिस सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराए पर आवास उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही बाहरी राज्यों से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा, अपराधों की रोकथाम और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विशेष सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी दी जा सकती है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।