किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में स्कूल परिसर में कथित रूप से शराब पार्टी करने का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर कथित रूप से शराब पीते और चखना करते दिखाई दे रहे थे। इसी दौरान कई छात्र-छात्राएं स्कूल परिसर में मौजूद थे, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया।
निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।