बबीना (झांसी)। रक्षा सम्पदा विभाग के शताब्दी वर्ष (Centenary Year) समारोह के अंतर्गत छावनी परिषद बबीना द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अवसर पर छावनी परिषद सार्वजनिक अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बबीना में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।मुख्य अधिशासी अधिकारी अभिषेक बिंद, भा.र.सं.से. के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक कर नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को बढ़ावा देना रहा। इस वर्ष विश्व स्तनपान सप्ताह की आधिकारिक थीम “जीवन की सतत शुरुआत के लिए स्तनपान – कारगर उपायों को सुदृढ़ करना” निर्धारित की गई है।शिविर के दौरान छावनी परिषद अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधीक्षक ने उपस्थित गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने से उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, जबकि माताओं के स्वास्थ्य पर भी इसके सकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं।कार्यक्रम में स्वास्थ्य कर्मियों ने माताओं से नियमित रूप से छह माह तक केवल स्तनपान कराने तथा उसके बाद पूरक आहार के साथ स्तनपान जारी रखने की अपील की। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता पर भी विशेष बल दिया गया।
Shakti Singh reporter
ITN national news jhansi