किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
भिलाई। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के प्रचार-प्रसार और नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा मंगलवार को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पावर हाउस चौक से शुरू हुई रैली
तिरंगा रैली की शुरुआत पावर हाउस चौक से हुई। हाथों में तिरंगा लेकर निकले अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता दीदियां नंदिनी रोड होते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरे। इसके बाद रैली वापस पावर हाउस चौक पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
रैली के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ ‘भारत माता की जय’ के जयघोष लगाए। तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस आयोजन ने नागरिकों को भी हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
नागरिकों को तिरंगे के सम्मान के प्रति किया जागरूक
रैली के दौरान निगम के अधिकारी-कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों ने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने के लिए जागरूक किया। लोगों से अपील की गई कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराएं और राष्ट्रध्वज के सम्मान का विशेष ध्यान रखें।
रैली में नगर निगम के मुख्य कार्यालय सहित विभिन्न जोन कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता दीदियां शामिल हुईं। निगम अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे 15 अगस्त को अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करें और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा एवं सम्मान को सदैव बनाए रखें।