शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर ITN NATIONAL
सिद्धार्थनगर, 24 अगस्त। चीनी की कालाबाजारी, जमाखोरी और ओवररेटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर सोमवार को जिले की सभी पांचों तहसीलों में प्रशासनिक टीमों ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान थोक व्यापारियों के गोदामों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया गया।
बांसी तहसील में उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी की संयुक्त टीम ने चीनी के थोक व्यापारियों के गोदामों पर पहुंचकर स्टॉक की जांच की। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों के पास चीनी निर्धारित स्टॉक सीमा के भीतर पाई गई।
अधिकारियों ने व्यापारियों को गोदाम में उपलब्ध चीनी का प्रतिदिन स्टॉक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही थोक एवं फुटकर चीनी के दामों में उचित अंतर बनाए रखने तथा फुटकर दुकानदारों को अनावश्यक रूप से अधिक कीमत पर चीनी न बेचने की सख्त हिदायत दी गई।
जिलाधिकारी द्वारा गठित टीमों ने जिले की सभी पांचों तहसीलों में चीनी के स्टॉक की जांच की। व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार को चीनी के स्टॉक का ऑनलाइन विवरण दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। वहीं, सीमावर्ती क्षेत्रों में चीनी की अवैध खरीद-फरोख्त एवं जमाखोरी को लेकर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।