डीग जिले की सीकरी थाना पुलिस और डीएसटी (DST) की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीकरी थाने की हवालात से फरार हार्डकोर अपराधी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाने से हुआ था फरार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करीब 17 गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद आरोपी विक्रम उर्फ टिल्ला यादव 29 अगस्त को सीकरी थाने की हवालात से चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ कांबले के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी सुल्तान सिंह व सीकरी थाना पुलिस की विशेष टीम का गठन किया गया था।
मुठभेड़ का घटनाक्रम
मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी टिल्ला बृजनगर कस्बे के नदबई रोड स्थित राठा भट्टा के पास छिपा हुआ है। सूचना पर जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेर लिया, तो खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिसकर्मी से हथियार छीन लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही ढेर होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
अस्पताल में सुरक्षा कड़ी
घायल बदमाश टिल्ला यादव को तत्काल इलाज के लिए उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।पुलिस अब आरोपी से फरारी के दौरान मिली मदद और अन्य मामलों को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
रमनलाल गोस्वामी ब्यूरो चीफ जिला डीग