इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
ल्फी बॉर्डर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर ट्रक से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। चिल्फी बॉर्डर पर पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक के गुप्त चेंबर से 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 23 लाख 75 हजार 250 रुपये बताई गई है।
गुप्त चेंबर बनाकर छिपाया था गांजा
जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को थाना चिल्फी के सामने एनएच-30 पर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान बोडला की ओर से आ रहे एक कंटेनर ट्रक को पुलिस ने रोककर उसकी तलाशी ली।जांच के दौरान ड्राइवर सीट के ऊपर बनाए गए गुप्त चेंबर का पता चला। चेंबर खोलने पर उसके अंदर गांजे के पैकेट मिले। तस्करों ने गांजे को खाकी टेप से लपेटकर पैकेटों में छिपाया था, ताकि सामान्य जांच में इसका पता न चल सके।पुलिस ने कुल 4 क्विंटल 47 किलो 445 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त कर लिया।
पंजाब का आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने बलजीत सिंह, निवासी अमृतसर, पंजाब को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा करीब 27 लाख रुपये कीमत का कंटेनर ट्रक और 5 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।इस कार्रवाई से पुलिस ने अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित गांजा तस्करी के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं एएनटीएफ टीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का इनाम
गांजा तस्करी के खिलाफ इस बड़ी कार्रवाई पर आईजी राजनांदगांव रेंज अजय यादव ने पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।कबीरधाम पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।