खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर खैरगढ़ कस्बा भक्ति और उल्लास से सराबोर नजर आया। राधा-कृष्ण मंदिर (बड़ा मंदिर), दाऊजी मंदिर और भोलेनाथ मंदिर समेत विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया।
जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन चलता रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
थाना परिसर में भी हुआ भजन-कीर्तन
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर थाना खैरगढ़ परिसर स्थित मंदिर में भी जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्र सहित थाना खैरगढ़ के पुलिस स्टाफ ने श्रद्धाभाव के साथ सहभागिता की।
भगवान श्रीकृष्ण के भजनों से पूरा थाना परिसर भक्तिमय हो गया। मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप के दर्शन किए।
‘नंद के घर आनंद भयो’ से गूंजा वातावरण
देर रात श्रीकृष्ण जन्म के समय मंदिर परिसर में ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कस्बे के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी।
रिपोर्ट: अमित पालीवाल, खैरगढ़ (फिरोजाबाद)
