गोड़भगा, 20/09: पश्चिमी ओडिशा के प्रमुख लोकपर्व नुआखाई के अवसर पर बरगढ़ जिले के अताबिरा ब्लॉक अंतर्गत गोड़भगा नागरिक समिति की ओर से 20वां नुआखाई भेटघाट समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। स्थानीय मां समलेश्वरी मंदिर कल्याण मंडप में आयोजित इस समारोह में आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का अनूठा उदाहरण देखने को मिला।वर्ष 2007 में शुरू हुआ यह आयोजन लगातार 20 वर्षों से नुआखाई की इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। समिति के अध्यक्ष सुरेश दाश की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में वीएसयूटी, बुर्ला के सेवानिवृत्त प्रोफेसर डॉ. राहास बिहारी पंडा तथा सम्मानित अतिथि के रूप में बरगढ़ माहेश्वरी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के निदेशक फकीर कर्ण उपस्थित रहे।इस अवसर पर प्रोफेसर पंडा ने नुआखाई भेटघाट के माध्यम से विकसित हुई नई सामाजिक परंपरा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला और सभी को नुआखाई की शुभकामनाएं दीं। वहीं फकीर कर्ण ने कहा कि नुआखाई भेटघाट केवल एक मिलन नहीं, बल्कि दिलों को दिलों से जोड़ने का पर्व है। समारोह के दौरान क्षेत्र की विभिन्न प्रतिभाओं को उपढ़ौकन एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षा गौरव सम्मान से खुशी बारिक, सौरभ सुंदर बिशोई, ओम शिवुलाल बेहरा, प्रियंशी बस्तिया एवं प्रीति साहू को सम्मानित किया गया।इसी तरह बिलासिनी बारिक स्मृति सम्मान युवा किसान मानवभंजन दाश (पप्पू), नटवर जेना युवा प्रतिभा सम्मान निकिता बेहरा, केशव प्रधान स्मृति सम्मान पत्रकार युधिष्ठिर महापात्र, करुणाकर स्मृति सम्मान डॉ. चित्तरंजन जेना एवं समीक्षा त्रिपाठी, बिपिन बिहारी प्रधान स्मृति सम्मान समाजसेवी नारायण भोई, सुजाता नायक युवा प्रतिभा सम्मान जस्मिन महापात्र तथा मरणोपरांत सारस्वत सम्मान स्वर्गीय हाराधन बारिक को प्रदान किया गया।कार्यक्रम का संचालन मधुसूदन शर्मा ने किया। अंत में समिति के सचिव अनिरुद्ध खमारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद सभी ने मां समलेश्वरी का प्रसाद ग्रहण किया।
संबलपुर से हिमांशु शेखर प्रहराज, राज्य प्रमुख।